
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और किसान समाज का अपमान बताया है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की है।
रविवार को जारी बयान में मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि जीतू पटवारी किसान परिवार से आते हैं और उस वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं जिसे देश अन्नदाता के रूप में सम्मान देता है। उन्होंने कहा कि किसानों का मूल्य धन या पैसों से नहीं आंका जा सकता और किसान पुत्र के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग पूरे किसान समाज की गरिमा पर आघात है।
मुकेश नायक ने कहा कि लोकतंत्र में किसी व्यक्ति का मूल्यांकन उसकी कीमत लगाकर नहीं किया जाता। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं पर राजनीतिक संवाद के स्तर को गिराने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी जीत और हार किसी भी नेता की योग्यता अथवा जनस्वीकार्यता का अंतिम पैमाना नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि देश में अनेक ऐसे नेता हुए हैं जिन्होंने चुनावी पराजय का सामना किया, लेकिन बाद में जनता के बीच और अधिक सम्मान प्राप्त किया।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी और बाबूलाल गौर जैसे वरिष्ठ नेताओं ने राजनीतिक मतभेदों के बावजूद कभी व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा नहीं लिया। नायक ने दावा किया कि जीतू पटवारी किसानों, युवाओं, महिलाओं और बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं, जिससे सत्तारूढ़ दल असहज है।
मुख्यमंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए नायक ने कहा कि उन्हें विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के बजाय सुशासन और जनकल्याण पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सत्ता क्षणिक होती है, जबकि लोकतांत्रिक मर्यादाएं और जनता का सम्मान स्थायी होते हैं।
