चोटिल तितास साधु की जगह कलिता जीजी की टीम में हुई शामिल

वडोदरा, 22 जनवरी (वार्ता) गुजरात जायंट्स (जीजी) को डब्ल्यूपीएल 2026 के बीच में एक झटका लगा है। टीम की युवा तेज गेंदबाज तितास साधु चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह भरने के लिए जीजी ने असम की ऑलराउंडर जिंतिमणी कलिता को अपने खेमे में शामिल किया है। साधु पिछले दो सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थीं और सात मैच खेल चुकी थीं। उन्हें नवंबर की मेगा नीलामी में गुजरात ने 30 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम से जोड़ा था। हालांकि फ़िटनेस की समस्याओं के चलते वे 2026 के सीजन में एक भी मुक़ाबला नहीं खेल पाईं। तितास के लिए पिछला साल भी चोटों से भरा रहा, जिसके कारण उन्हें कई अहम मौक़ों पर मैदान से दूर रहना पड़ा। पिछले साल जनवरी में आयरलैंड के विरुद्ध घरेलू वनडे सीरीज़ और फिर डब्ल्यूपीएल के तीन मैचों के बाद से उनकी फ़िटनेस उनका साथ छोड़ती रही। वे अप्रैल में श्रीलंका में आयोजित दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ ट्राई-सीरीज का हिस्सा नहीं बन सकीं और जुलाई में इंग्लैंड के सीमित ओवरों के दौरे से भी उन्हें बाहर बैठना पड़ा। अगस्त में उन्होंने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करते हुए भारत-ए के साथ ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था। अब तक तितास भारत के लिए आठ वनडे और 12 टी20 खेल चुकी हैं।

वहीं कलिता इससे पहले मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और 2023 व 2025 सीजन में कुल 13 मैच खेल चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने एक विकेट लिया है और छह रन बनाए हैं। जायंट्स के अंक चार अन्य टीमों के बराबर हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर वे इस समय डब्ल्यूपीएल पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे हैं। सीजन की शुरुआत लगातार दो जीत के साथ करने के बाद उन्हें लगातार तीन हार का सामना करना पड़ा है। प्लेऑफ में जगह बनाने की कोशिश में उनके तीन लीग मैच अब भी बाक़ी हैं।

Next Post

गिनी: सोने की खदान ढहने से कम से कम 6 मजदूरों की मौत

Thu Jan 22 , 2026
कोनाक्री (गिनी), 22 जनवरी (वार्ता ) अफ्रीकी देश गिनी के सिगुइरी प्रान्त में सोने की एक खदान ढहने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह हादसा राजधानी कोनाक्री से लगभग 800 किलोमीटर डोको इलाके में बुधवार को हुआ। डोको क्षेत्र अपने छोटे […]

You May Like