सीधी: सोन घड़ियाल अभ्यारण्य क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध वन विभाग एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया है। परिक्षेत्राधिकारी सोन घड़ियाल अभ्यारण्य ने जानकारी देते हुए बताया कि उप संचालक संजय टाइगर रिजर्व सीधी राजेश कन्ना टी के निर्देशन तथा अधीक्षक सोन घड़ियाल अभ्यारण्य प्रमोद सिंह के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम द्वारा प्रतिबंधित क्षेत्र सोन नदी में नियमित गश्त की जा रही थी।
इसी दौरान भमरहिया घाट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन हेतु लोडिंग की जा रही थी। वन अमले को देखकर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर वाहन को जब्त कर लिया।
जप्त वाहन के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम एवं भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है। वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना कोतवाली की सुपुर्दगी में रखा गया है तथा प्रकरण में नियमानुसार राजसात कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी मनीराम धुर्वे के नेतृत्व में वन विभाग एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने सहभागिता निभाई। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यारण्य क्षेत्र में अवैध खनन एवं वन्यजीव संरक्षण नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
