रीवा: कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की. कलेक्टर ने कहा कि सभी जिला स्तरीय तथा खण्ड स्तरीय अधिकारी इस माह दर्ज सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें. इसके साथ-साथ 50 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करें.
लंबित आवेदनों के निराकरण के लिए आगामी 10 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर सभी प्रकरणों का निराकरण कराएं. कार्यालय प्रमुख आवेदकों से प्रतिदिन स्वयं चर्चा करें. लंबित प्रकरणों में तथ्यपूर्ण प्रतिवेदन दर्ज करें. मांग आधारित आवेदनों तथा लेबल तीन में लंबित आवेदनों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान दें.बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम और तहसीलदार प्राकृतिक आपदा में सहायता राशि, आम रास्ते में अतिक्रमण और विवाद तथा हैण्डपंपों पर अवैध कब्जे की सभी शिकायतों का तीन दिवस में निराकरण करें.
अतिक्रमण हटाने के लिए समुचित पुलिस बल के साथ कार्यवाही करें. निर्माण कार्यों में स्थगन के बावजूद यदि कोई व्यक्ति उसका उल्लंघन कर रहा है तो एफआईआर दर्ज कराकर कार्यवाही करें. किसान सम्मान निधि से लाभान्वित शेष किसानों के फोन नम्बर लेकर उनकी फार्मर रजिस्ट्री कराएं. सभी राजस्व अधिकारी आरसीएमएस में दर्ज राजस्व प्रकरणों का तय समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें.
खनिजों के अवैध उत्खनन तथा परिवहन पर कार्यवाही एवं समूह नलजल योजना से पानी की आपूर्ति के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए. बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवणे, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, सभी एसडीएम, तहसीलदार, सीएमओ उपस्थित रहे.
