इंदौर: खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शुक्रवार को बेक समोसा बनाने वाले विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जांच और सैंपलिंग अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान बेक समोसा, क्रीम रोल, चटनी, नमकीन और व्हिप क्रीम सहित कुल 21 नमूने जांच के लिए लिए गए.टीम ने छोटा बांगड़दा स्थित आदित्य राज बेकरी का औचक निरीक्षण किया. जांच में प्रतिष्ठान में गंभीर अनियमितताएं और अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियां मिलीं.
मौके पर वैध खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया, जबकि कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं थे. बिना लेबल की सॉस और ग्रीन चटनी उपयोग में ली जा रही थी तथा आलू का मसाला सड़ा हुआ मिला.कार्रवाई के दौरान 300 बेक समोसे, सड़ा आलू मसाला, 10 बोतल चटनी और केक नष्ट कराए गए. परिसर में टूटी टाइल्स, गंदगी और खाद्य सामग्री अस्वच्छ स्थान पर रखी मिली. पीछे के हिस्से से दुर्गंध आने और खराब सामग्री पड़ी होने पर खाद्य विभाग ने मौके पर ही प्रतिष्ठान का संचालन बंद करा दिया. संबंधित संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है. निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी.
जारी रहेगी कार्रवाई
इसके अलावा स्कीम नंबर-103 स्थित सुख सिस्टर बेकरी से भी बेक समोसे का नमूना लिया गया. अन्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं. कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
