नयी दिल्ली 29 मई (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने ओडिशा के कालाहांडी जिले के गौड़ा कारलाखुंटा गांव में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से छह लोगों की मौत और एक अन्य के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है।
एनएचआरसी ने शुक्रवार को बताया कि आयोग ने सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस के कारण छह लोगों की मौत और एक अन्य के घायल होने की मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। खबरों के अनुसार 26 मई को 10 फुट गहरे टैंक में गलती से गिरे एक राजमिस्त्री को बचाने की कोशिश में मजदूर, घर के मालिक और उनके बेटे दम घुटने से मर गए।
आयोग ने पाया है कि यदि समाचार रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही है, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मामला है। आयोग ने ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव और कालाहांडी के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
