शाजापुर: एक माह से अधिक समय से 40 से 45 डिग्री तापमान झेल रहे नगरवासियों के लिए अब मौसम का मिजाज राहत लेकर आने वाला है. मौसम विभाग की माने तो आज से तेज गति से हवाएं चलेंगी. वहीं 31 की रात से प्री-मानसून की बारिश शुरू होने की संभावना है. जिससे तापमान भी कम होगा और लोगों को अब गर्मी से राहत मिलेगी.
बुधवार को तापमान कम होने से लोगों को उम्मीद थी कि अब तापमान में कमी होगी और गर्मी से राहत मिलेगी. लेकिन गुरूवार को फिर तापमान बढ़ गया जिससे लोगों का गर्मी से बुरा हाल हो गया. जिससे शाम तक भी लोग गर्मी से परेशान होते रहे. वहीं शाम को भी गर्म हवाओं ने लोगों के पसीने छुड़वा दिए. इस दिन अधिकतम तापमान 43.6 व न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया. इस दिन 14 किमी की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं भी चलती रही जिससे लोगों को दिनभर गर्मी का एहसास होता रहा. लेकिन मौसम विभाग की माने तो अब मौसम परिवर्तन की संभावना है. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि आज से ठंडी हवाएं नगर में डेरा डालेगी और गर्मी से राहत मिलेगी. सुबह और शाम को ठंडी हवाओं से तापमान कम होगा.
एक-दो दिन में प्री-मानसून देगा दस्तक…
मौसम विशेषज्ञ धनोतिया के अनुसार 30 या 31 की रात से प्री-मानसूनी बारिश शुरू होने की संभावना है. इसके बाद नगर में प्रतिदिन शाम को हल्की बारिश होती रहेगी जिससे गर्मी का असर कम होगा. उन्होंने बताया कि इस दौरान नमी बढ़ेगी और दोपहर में गर्मी का एहसास होगा, लेकिन शाम को बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
40 डिग्री से कम होगा तापमान…
नगरवासी विगत एक माह से अधिक समय से भीषण गर्मी के चलते 42 से 45 डिग्री तापमान का सामना करने को मजबूर हैं, लेकिन प्री-मानसूनी बारिश शुरू होने से यह आंकड़ा भी घटकर 35 या 38 तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी
