
शाजापुर, नगर का मौसम एक बार फिर बदला लेकिन फोरी राहत देकर फिर नगरवासियों के हिस्से निराशा आई. मंगलवार को नगर में दिनभर बारिश का मौसम तो बना रहा, लेकिन नगरवासियों के हिस्से केवल रिमझिम वर्षा ही आई. जबकि आसमान पर काले बादल भी छाए लेकिन तेज बारिश की आस फिर अधूरी रह गई.
कुछ दिनों पहले भी नगर में ऐसी ही रिमझिम वर्षा हुई थी. इसके बाद से जिले में पिछले सात दिनों से बारिश नहीं होने के कारण एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ गई है. रोजाना आसमान में बादल छा रहे हैं, लेकिन बारिश नहीं हो रही है. मंगलवार को भी दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही. जिससे कुछ देर के लिए रिमझिम वर्षा शुरू हुई और बादल फिर तरसाकर लौट गए. इससे कुछ देर के लिए मौसम में ठंडक तो घुली लेकिन कुछ देर बाद फिर गर्मी का एहसास होने लगा. हालांकि इस दिन तापमान जरूर 27.9 डिग्री दर्ज किया गया. लेकिन अच्छी वर्षा की उम्मीद नगरवासियों की अभी भी अधूरी है.
एक सप्ताह पहले हुई थी तेज बारिश
करीब एक सप्ताह पहले जिले में झमाझम बारिश हुई थी, जिसके चलते मौसम ठंडा हो गया था और अधिकतम तापमान कम हुआ था. अब बारिश का दौर थमने के बाद फिर से लोगों को चिंता सताने लगी है. हालांकि मौसम विभाग द्वारा दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई जा रही है. अब देखना है इन दो दिनों में नगर मेंं कैसी वर्षा होती है या फिर नगरवासी खाली हाथ ही रह जाएंगे.
किसान भी कर रहे बारिश का इंतजार
कलेक्ट्रेट कार्यालय से जारी वर्षा रिपोर्ट के अनुसार1 जून से 25 अगस्त तक शाजापुर जिले में औसतन 20.40 इंच बारिश दर्ज की गई है. बारिश की लंबी खेंच से किसान भी चिंतित हैं. खेतों में खड़ी फसलों के लिए आगामी बारिश महत्वपूर्ण मानी जा रही है. किसान अब मौसम के फिर सक्रिय होने और अच्छी बारिश होने का इंतजार कर रहे हैं.
