करोड़ों खर्च के बाद भी नतीजा सिफर, विधायक ने किया रेलवे अंडरब्रिज का निरीक्षण

परासिया। पिपरिया रोड पर स्थित रेलवे अंडरब्रिज (RUB) KM 960/4 आमला-परासिया रेलखंड के निर्माण कार्य में सामने आई कमियों को लेकर परासिया विधायक सोहनलाल बाल्मीक ने मंगलवार को अंडरब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने रेलवे के इंजीनियर मंगल यादव को मौके पर बुलाकर निर्माण कार्य की खामियां दिखाईं और उनके शीघ्र सुधार के निर्देश दिए।

विधायक ने बताया कि अंडरब्रिज निर्माण में कई कमियां सामने आने के बाद पूर्व में रेलवे विभाग को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया था। निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी समस्या अंडरब्रिज के नीचे पानी जमा होने और कीचड़ की पाई गई। वाहनों के निकलने पर पानी और कीचड़ राहगीरों पर उचट रहा है, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने पानी की तत्काल निकासी की व्यवस्था करने के साथ ही अंडरब्रिज के आसपास साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों, महिलाओं और आम राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अंडरब्रिज से सटकर लगभग 1.5 x 1.5 इंच का पार्थ निर्माण कराने पर भी चर्चा की गई, ताकि पैदल आवागमन में लोगों को सुविधा मिल सके।

विधायक बाल्मीक ने कहा कि लंबे प्रयासों के बाद रेलवे अंडरब्रिज के उन्नयन कार्य को स्वीकृति मिली है और इसका उद्देश्य आम जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। ऐसे में निर्माण कार्य में सामने आ रही कमियों को दूर करना आवश्यक है।

ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव भेजने पर चर्चा

निरीक्षण के दौरान वर्तमान अंडरब्रिज के स्थान पर भविष्य में ओवरब्रिज निर्माण की संभावना पर भी चर्चा हुई। विधायक ने रेलवे विभाग एवं प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग को ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव भेजे जाने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि आशीष सिकंदरपुरे, गुड्डू चौरसिया, आनंद भारती एवं भोला पंडित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Next Post

श्री झूलेलाल मंदिर में चालीसा महोत्सव का भव्य समापन

Tue Aug 25 , 2026
दमोह। सिंधी समाज के आराध्य देव वरुणावतार भगवान श्री झूलेलाल जी का 40 दिवसीय चालीसा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।इस वर्ष यह महोत्सव 16 जुलाई से प्रारंभ होकर 24-25 अगस्त तक चला। 40 दिनों तक श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर नित्य आरती, भजन-कीर्तन और अखंड ज्योति का […]

You May Like

मनोरंजन