
भोपाल: केरवा जल शोधन संयंत्र का गुरुवार को महापौर मालती राय ने निरीक्षण किया. यह निरीक्षण गर्मी के मौसम में जनता को पेयजल की आपूर्ति निरंतर होती रहे. और शुद्ध व स्वच्छ पानी मिलता रहे. केरवा में महापौर मालती राय ने विभिन्न यूनिटों का निरीक्षण किया और पानी की शुद्धता और स्वच्छता प्रक्रिया की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान महापौर राय ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में पानी सप्लाई के सभी जल स्त्रोतों में पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध है गर्मी के मौसम में व्यवस्थित ढंग से नागरिकों के लिए पर्याप्त पानी पूर्ति जारी रहे. निरीक्षण के दौरान महापौर राय ने जलशोधन की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया. निरीक्षण के दौरान महापौर परिषद के सदस्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यती, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग, कार्यपालन यंत्री अजय मालवीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
जल परीक्षण प्रयोगशाला का किया अवलोकन
महापौर ने जल परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और यहां कच्चे पानी एवं उपचारित पानी का पीएच मान, टीडीएस, टरबीडिटी आदि की जांच प्रक्रिया का अवलोकन भी किया. महापौर ने निर्देशित किया कि शहर के नागरिकों को शुद्ध और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने समुचित दबाव से जलापूर्ति की जाए.
710 रुपए प्रति परिवार नगर निगम पर भार
महापौर राय ने बताया कि शुद्ध पेयजल नागरिकों के घर तक पहुंचाने में निगम प्रशासन को औसतन 710 रुपए प्रति परिवार खर्च वहन करना पड़ता है इसके विपरीत निगम प्रशासन जनता से जलकर के रूप में 210 रुपए प्रति परिवार ले रहा है. इस वजह से महापौर ने शहर के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जल ही जीवन है इसका अपव्यय न करें और नल की लाईन में अवैध रूप से मोटर न लगाये जिससे सभी नागरिकों को समान रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके.
