नयी दिल्ली, 26 मई (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में उठाव कम रहने से मंगलवार को अधिकतर उत्पादों के भाव टूट गये। चावल, गेहूं, दालों और चीन में नरमी रही। अधिकतर खाद्य तेलों में भी गिरावट रही। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 17 रुपये घटकर 3,855 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं छह रुपये टूटकर 2,781 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा भी तीन रुपये सस्ता हुआ।दाल-दलहनों में तुअर दाल औसतन 17 रुपये और उड़द दाल चार रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ।
चना दाल, मूंग दाल और मसूर दाल के भाव कमोबेश गत दिवस के स्तर पर ही रहे। मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अगस्त वायदा 24 रिंगिट चढ़कर 4,497 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.32 प्रतिशत टूटकर 73.74 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में सरसों तेल की औसत कीमत 34 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। अन्य खाद्य तेलों में नरमी रही। वनस्पति 28 रुपये और सूरजमुखी तेल 27 रुपये फिसल गया। सोया तेल 21 रुपये और पाम ऑयल 11 रुपये सस्ता हुआ। मूंगफली तेल में भी छह रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव सात रुपये प्रति क्विंटल घट गया। चीनी भी सात रुपये सस्ती हुई।

