बीसीसीआई ने आईसीसी की बैठक में एशिया कप ट्रॉफी का मुद्दा उठाया

दुबई, 08 नवंबर (वार्ता) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बैठक में विजेता टीम भारत को एशिया कप ट्रॉफी नहीं सौंपे जाने का मुद्दा उठाया।

एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी शुक्रवार को हुई आईसीसी की बैठक में भाग लेने पहुंचे थे।

क्रिकबज के अनुसार बैठक के दौरान आईसीसी बोर्ड के सदस्यों के बीच एशिया कप के मुद्दे पर दोस्ताना माहौल में बातचीत हुई। बीसीसी ने कहा कि नकवी, एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष के तौर पर भारत द्वारा जीती गई एशिया कप ट्रॉफी को अपने पास रखे हुए है, जो कि सही मायने में भारत की है।

ऐसा मालूम हुआ है कि बैठक से इतर अनौपचारिक चर्चा में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि ट्रॉफी तुरंत भारत को सौंप दी जानी चाहिए। अगर जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को सुलझाने के लिए एक पैनल भी बनाया जा सकता है, लेकिन शुक्रवार रात तक इसके बनने की कोई पुष्टि नहीं हुई थी। बीसीसीआई का स्पष्ट रुख था कि दुबई स्थित एसीसी के कार्यालय में बंद ट्रॉफी को जल्द से जल्द भारत को सौंपा जाना चाहिए। नकवी का आदेश है कि उनकी इजाजत के बिना इस ट्रॉफी को कहीं भी न ले जाया जाए।

उल्लेखनीय है कि 28 सितंबर को दुबई में एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराने वाली भारत को एसीसी ने अभी तक ट्रॉफी नहीं सौंपी है।

सैकिया या बीसीसी के दूसरे अधिकारियों से तुरंत संपर्क नहीं हो सका, लेकिन पता चला है कि बोर्ड के सदस्यों के बीच इस बात पर सहमति थी कि इस मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझाया जाना चाहिए।

 

 

Next Post

सबालेंका और रयबाकिना खिताबी मुकाबले में भिड़ेंगी

Sat Nov 8 , 2025
रियाद, 08 नवंबर (वार्ता) शीर्ष वरीयता प्राप्त बेलारूस की आर्यना सबालेंका ने शुक्रवार को अमेरिका की अमांडा अनिसिमोवा को तीन सेटों में हराकर 2025 डब्ल्यूटीए फाइनल्स के फ़ाइनल में जगह बना ली जहां उनका मुकाबला कज़ाकिस्तान की एलेना रयबाकिना से होगा। सबालेंका और अनिसिमोवा इससे पहले 10 बार आमने-सामने हुई […]

You May Like