
भोपाल। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज करते हुए सोमवार को भोाल के रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। नेताओं ने कहा कि बढ़ती ईंधन कीमतों का सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ रहा है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आम जनता को राहत देने की मांग की। नेताओं का कहना था कि महंगाई के कारण किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन बेहद कठिन हो गया है तथा घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, पूर्व महापौर विभा पटेल, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव, अभिषेक शर्मा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित खत्री सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। इसके अलावा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपु तोमर, राहुल सिंह राठौड़, सुशील प्रजापति, तरुण गेहलोत, अशोक मारण, सोनू तोमर, बृजेश साहू, अजमल मारण, फहीम बख्श और आमिर सिद्दीकी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण पाने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता को किसी प्रकार की राहत नहीं मिल पा रही है।
