
हरदा। 22 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को शुरू हुआ घेरा डालो डेरा डालो किसान क्रांति आंदोलन देर रात तक जारी रहा। आंदोलन के दौरान नर्मदापुरम के डिप्टी कमिश्नर दिवाकर नारायण पटेल मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की।
किसानों ने शासन-प्रशासन को अपनी मांगें पूरी करने के लिए दो दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त किया जा रहा है, लेकिन तय समय में समाधान नहीं होने पर फिर से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि गेहूं और मूंग की खरीदी में आ रही समस्याओं को लेकर हरदा, देवास, नर्मदापुरम और खंडवा जिलों के बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ कृषि मंडी में एकत्र हुए थे। स्थिति को देखते हुए कलेक्ट्रेट और मंडी क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
किसान अपने साथ खाद्य सामग्री लेकर पहुंचे थे। देर रात आंदोलन स्थल पर किसानों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने साथ बैठकर भोजन किया, जिससे सौहार्द का माहौल भी देखने को मिला।
