
खिलचीपुर। सालरी गांव में एक युवक की शादी की तैयारियां उस वक्त रुक गई, जब प्रशासन को उसकी उम्र वैधानिक सीमा से कम होने की शिकायत मिली. गांव में टेंट लगा था, मेहमानों की भीड़ थी और गुरुवार रात से ही शादी का माहौल बना हुआ था. दूल्हे के हाथों में मेहंदी और शरीर पर हल्दी लगी थी. टेंट में मेहमान खाना खा रहे थे और विवाह की तैयारियां जारी थीं, तभी प्रशासनिक टीम गांव पहुंच गई. ग्रामीणों द्वारा एसडीएम अंकिता जैन को शिकायत किए जाने के बाद मामला कलेक्टर तक पहुंचा. इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस और अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. जांच में युवक की उम्र 20 साल 5 माह सामने आई. टीम ने परिजनों को समझाइश दी कि 21 वर्ष पूरे होने से पहले विवाह नहीं किया जा सकता. कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देकर शादी रुकवाई
मौके पर पंचनामा तैयार किया गया और दूल्हे सहित उसके परिजनों को खिलचीपुर थाने लाया गया. थाना प्रभारी कमल सिंह गहलौत के सामने दूल्हे और परिवार ने लिखित आवेदन देकर शादी निरस्त करने की बात कही. आवेदन में उल्लेख किया गया कि अब युवक के 21 वर्ष पूरे होने के बाद ही विवाह किया जाएगा. पुलिस ने परिजनों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि चोरी-छिपे शादी करने का प्रयास किया गया तो दूल्हे, परिवार और आयोजन में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासनिक टीम अगले तीन दिन तक गांव में निगरानी भी करेगी. दरअसल, गांव के हनुमान मंदिर परिसर में गुरुवार रात भंडारे का आयोजन था. उसी स्थान के पास शादी समारोह भी रखा गया था, जिससे विवाद की स्थिति बनी. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया. इसी दौरान ग्रामीणों ने दूल्हे की उम्र को लेकर शिकायत की, जिसके बाद प्रशासन ने पूरी कार्रवाई की.
