नर्मदापुरम। सड़क सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस विशेष जांच अभियान चला रही हैं.अभियान के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों और यात्री सुविधाओं की गहन जांच की जा रही हैं.
आरटीओ प्रमोद कुमार कापसे ने स्वयं बसों के अंदर जाकर अग्निशामक यंत्र, मेडिकल बॉक्स, वीएलटी, पैनिक बटन, इमरजेंसी गेट और किराया सूची जैसी जरूरी सुरक्षा व्यवस्था की जांच की. उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर बसों में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली.
जांच अभियान में कुल 26 वाहनों की जांच की गई, जिनमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 6 वाहनों पर ₹21 हजार का चालान किया गया. वहीं बिना टैक्स संचालित एक बस से ₹1.14 लाख की वसूली की गई और बिना परमिट चल रही एक बस को जब्त कर आरटीओ कार्यालय में खड़ा कराया गया.
इसी तरह यातायात पुलिस ने भी सख्त कार्रवाई की. थाना प्रभारी सुनीता पटेल के नेतृत्व में 12 बसों की जांच की गई, जिनमें से 6 के चालान काटे गए. इसके अलावा विभिन्न धाराओं के तहत 20 अन्य मामलों में भी कार्रवाई की गई.
अधिकारियों ने बस चालकों और संचालकों को यातायात नियमों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे सख्त जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे.
