3,856 लंबित शिकायतों का हुआ समयबद्ध निराकरण

जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा हाल ही में 1912 निदान कॉल सेंटर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधी शिकायतों के समयबद्ध, प्रभावी एवं पारदर्शी निराकरण हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। मंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी एवं मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) संपदा सराफ गुर्जर द्वारा सभी क्षेत्रीय और मैदानी अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए कि सभी लंबित बिजली बिल संबंधी शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रबंध संचालक श्री द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत को केवल उपभोक्ता की पूर्ण संतुष्टि के उपरांत ही बंद किया जाए तथा सभी शिकायतों को 1912 सीआरएम पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट रखा जाए। कंपनी के अधिकारियों और फील्ड स्टाफ द्वारा इन निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए शिकायतों के निराकरण में विशेष तत्परता दिखाई गई, जिसके परिणामस्वरूप सितंबर 2025 तक लंबित सभी बिजली बिल संबंधी शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है। सितंबर 2025 तक बिल संबंधी कुल 3,856 शिकायतें लंबित थीं, जिनमें से सभी का प्रभावी समाधान किया जा चुका है। इन शिकायतों में गलत बिल श्रेणी की 2,942, गलत रीडिंग की 808 तथा रीडिंग नहीं ली गई श्रेणी की 106 शिकायतें शामिल थीं। कंपनी के फील्ड अधिकारियों द्वारा समयबद्ध कार्रवाई करते हुए सभी लंबित शिकायतों का निवारण सुनिश्चित किया गया, जिससे उपभोक्ताओं को त्वरित राहत मिली है। 1912 निदान कॉल सेंटर द्वारा प्राप्त शिकायतों पर सतत फॉलोअप किया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि प्रत्येक शिकायत को निर्धारित समयसीमा में अटेंड किया जाए। कंपनी उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर सुधारात्मक कदम उठा रही है। मुख्य महाप्रबंधक संपदा सराफ गुर्जर ने बताया कि कंपनी उपभोक्ता सेवा के क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देशानुसार उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी तथा सशक्त बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।

Next Post

आपसी विवाद में महिला से मारपीट

Wed Oct 22 , 2025
. ग्वालियर। डबरा में आपसी विवाद में महिला से मारपीट कर दी गई। जानकी पति हीरालाल बाथम निवासी सिली के सिर में गंभीर चोट आई है। परिजन आनन फानन में घायल जानकी बाथम को लेकर डबरा के सिविल अस्पताल पहुंचे जहां घायल महिला का इलाज़ ज़ारी है। पुलिस विवाद के […]

You May Like