
वाशिंगटन, 22 मई (स्पूतनिक/वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) के नियमन से जुड़े अपने कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने का समारोह रद्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि इस आदेश से अमेरिका में इस उद्योग का विकास धीमा पड़ सकता था। एबीसी न्यूज़ के वरिष्ठ संवाददाता सेलिना वांग ने यह जानकारी दी है। श्री वांग ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “श्री ट्रंप ने अभी-अभी अपने एसआई कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने का कार्यक्रम रद्द कर दिया है। उन्होंने ओवल दफ्तर में आयोजित होने वाले समारोह से कुछ ही घंटे पहले यह निर्णय लिया। इस आदेश से सरकार को यह अधिकार मिलने की उम्मीद थी कि वह किसी भी एआई मॉडल को आम जनता के लिए जारी करने से पहले, उसके सबसे शक्तिशाली संस्करणों की गहन जांच-पड़ताल कर सके। श्री ट्रंप ने इस आदेश को इसलिए रद्द कर दिया, क्योंकि उनका मानना है कि इससे अमेरिका की प्रगति की गति धीमी पड़ जाएगी। ”
‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ अखबार ने गुरुवार को सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि श्री ट्रंप ने उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं और एआई तथा क्रिप्टो मामलों के पूर्व विशेष सलाहकार डेविड सैक्स से अंतिम समय में फोन पर हुई बातचीत के बाद, इस कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने की अपनी योजना को रद्द कर दिया।रिपोर्ट में बताया गया है कि श्री ट्रंप ने इस आदेश पर हस्ताक्षर न करने का फैसला तब किया, जब व्हाइट हाउस पहले ही इस हस्ताक्षर समारोह के लिए प्रमुख तकनीकी कंपनियों के प्रमुखों को निमंत्रण भेज चुका था। रिपोर्ट के अनुसार, स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क और मेटा (जिसे रूस में एक चरमपंथी संगठन के रूप में प्रतिबंधित किया गया है) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क ज़करबर्ग उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने श्री ट्रंप से संपर्क किया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यह नया नियमन अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मूल में स्थित इस महत्वपूर्ण तकनीक के विकास में बाधा डाल सकता है। इससे पहले मई महीने में, ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ अखबार ने बताया था कि अमेरिकी सरकार नये एआई मॉडलों पर निगरानी रखने के लिए एक तंत्र स्थापित करने पर विचार कर रही थी।
