देवास। देवास जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और फैक्ट्री संचालक मुकेश विज को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। वह चीन के ग्वांग्झू शहर से भारत लौटते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बताया गया है कि हादसे के बाद से ही मुकेश विज फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश में देशभर के एयरपोर्ट्स पर लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। इसी अलर्ट के आधार पर दिल्ली एयरपोर्ट पर उसकी पहचान कर तत्काल हिरासत में लिया गया।
गौरतलब है कि 14 मई को देवास जिले के टोंककला क्षेत्र में स्थित पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ था। धमाका इतना तेज था कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। शुरुआती जानकारी में तीन लोगों की मौत सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकांश मजदूर बिहार के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस अब फैक्ट्री संचालन, सुरक्षा मानकों और विस्फोट के कारणों को लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
