नयी दिल्ली, 21 मई (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल की औसत कीमत गिर गयी। वहीं, गेहूं में मजबूती देखी गयी। चीनी के भाव में टिकाव रहा जबकि दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत तीन रुपये घटकर 3,857 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं 10 रुपये की तेजी के साथ 2,784 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा नौ रुपये महंगा हुआ। दाल-दलहनों में मिलाजुला रुख रहा। चना दाल की औसत कीमत 11 रुपये और मूंग दाल की छह रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। तुअर दाल का भाव 27 रुपये और उड़द दाल का पांच रुपये टूट गया। मसूर दाल दो रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अगस्त वायदा 126 रिंगिट गिरकर 4,457 रिंगिट प्रति टन रह गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.23 प्रतिशत की नरमी के साथ 74.49 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में पाम ऑयल की औसत कीमत 11 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सरसों तेल का भाव 38 रुपये और सोया तेल का 31 रुपये उतर गया। मूंगफली तेल 15 रुपये और सूरजमुखी तेल 11 रुपये टूट गया। वनस्पति तीन रुपये सस्ता हुआ।
मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव सात रुपये प्रति क्विंटल घट गया जबकि चीनी में कमोबेश टिकाव देखा गया।

