कोलकाता, 21 मई (वार्ता) मुम्बई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वह या तिलक वर्मा थोड़ी और देर टिक कर खेलते तो मैच का नतीजा अलग हो सकता था।
हार्दिक ने बधुवार रात इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 65वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मिली चार विकेट से हार के बाद कहा, “हम 20 रन पीछे रह गए। पावरप्ले में हमने काफी विकेट गंवा दिए। अगर तिलक या मैं थोड़ा और देर तक बल्लेबाजी करते और एक दो साझेदारियां और बन जातीं, तो वे 15-20 रन हमें अच्छा मौका दे सकते थे।”
कोलकाता की पिच बल्लेबाज़ों के लिए आसान नहीं थी। केकेआर के रोवमैन पॉवेल ने इसे “टिपिकल कैरेबियाई विकेट” बताया, जहां गेंद रुककर आ रही थी। मैच की 38.5 ओवर की बल्लेबाजी में सिर्फ़ 295 रन बने और 14 विकेट गिरे। यह आईपीएल जैसी सामान्य पिच नहीं थी, लेकिन हार्दिक को ऐसी सतह पसंद आई।
हार्दिक ने कहा, “मुझे ऐसी विकेटों पर खेलने में कोई दिक्कत नहीं है, जहां गेंदबाजो को भी कुछ मदद मिले। आईपीएल अब बहुत हद तक बल्लेबाजी प्रधान हो गया है और गेंदबाज स्वयं को बेबस महसूस करते हैं। आज की पिच ने गेंदबाजो को कुछ दिया, जिससे वे अच्छी गेंदबाजी कर सके और बल्लेबाजो को अच्छी क्रिकेट खेलकर रन बनाने पड़े। मुझे यह पसंद आया। मुझे नहीं पता क्षेत्ररक्षण में क्या गलत हुआ। पूरे सीजन हमारा क्षेत्ररक्षण बेहद खराब रहा है। हमने बहुत सारे कैच छोड़े हैं। जाहिर तौर पर कोई भी ऐसा नहीं करना चाहता, लेकिन इस हिस्से में छिपने की कोई जगह नहीं होती।
उन्होंने कहा, “अगर आपको मौके मिलते हैं और आप मैच जीतना चाहते हैं, तो आपको हर अवसर भुनाना होगा। लेकिन जब आप ऐसे मौके छोड़ते हैं जो मैच बदल सकते हैं, तब आप हमेशा मुकाबले में पीछे रह जाते हैं।”
