भोपाल। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि “शहादत दिवस” के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर द्वारा 21 मई को शहर में विभिन्न श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे बिट्टन मार्केट चौराहे पर स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे शिवाजी नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी।
इसके पश्चात सुबह 11:30 बजे पुरानी विधानसभा के सामने स्थित बाल यातायात पार्क में तीसरा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर स्वर्गीय राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की गई है।
