
भानपुरा। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल भानपुरा निवासी प्रतिष्ठित नाहर परिवार की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती विजया देवी नाहर का भी उपचार के दौरान निधन हो गया। इससे पूर्व हादसे में उनकी बहू एवं नाहर इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य श्रीमती दीपिका नाहर की मृत्यु हो चुकी थी। परिवार में लगातार दो महिलाओं के निधन से नगर सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार भानपुरा निवासी सुमेर नाहर (47) पिता सिरेमल नाहर अपने परिवार के साथ शनिवार शाम दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे थे। इसी दौरान पुलिस थाना रिंगनोद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोदीशंकर के समीप उनकी कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में सुमेर नाहर, उनकी पत्नी श्रीमती दीपिका नाहर (45), पुत्री अवनी नाहर (18) एवं माता श्रीमती विजया देवी नाहर (68) गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायलों को टोल कंपनी की एंबुलेंस से जावरा शासकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने श्रीमती दीपिका नाहर को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के पश्चात रतलाम रेफर किया गया, जहां सुमेर नाहर एवं उनकी पुत्री अवनी का उपचार जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल श्रीमती विजया देवी नाहर कोमा में चली गई थीं, जिनका सोमवार रात दुखद निधन हो गया।
श्रीमती विजया देवी नाहर की अंतिम यात्रा मंगलवार सुबह 11 बजे धानमंडी स्थित निवास से निकाली गई। अंतिम यात्रा में श्वेतांबर जैन समाज सहित नगर एवं क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक शामिल हुए। नरसिंह मंदिर के पास बिल्ली तालाब मार्ग स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उपस्थित जनों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व श्रीमती दीपिका नाहर का अंतिम संस्कार रतलाम में किया गया था। लगातार दो मौतों से नाहर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है तथा पूरे भानपुरा नगर में शोक की लहर व्याप्त है।
