
रीवा। रीवा एनएसयूआई द्वारा NEET 2026 में कथित पेपर लीक एवं परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में आज रीवा एनएसयूआई जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में 44 डिग्री भीषण गर्मी के बीच उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला आवास का घेराव करने जा रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं पर पुलिस ने आसू गैस एवं वाटर कैनन चलाया गया
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप था कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है, लेकिन सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक एक सामान्य घटना बन चुकी है, जिससे छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर से भरोसा लगातार टूट रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा वाटर कैनन चलाए गए एवं आंसू गैस के गोले छोड़े गए। पंकज उपाध्याय ने कहा कि यदि इस मामले में केंद्रीय मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं देते, तब तक एनएसयूआई का आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित और असुरक्षित महसूस कर रहा है तथा सरकार युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा और रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
