मनोज पुरोहित
शाजापुर: मक्सी दंगा मामले में करीब 20 महीने से फरार चल रहे आरोपी लारेब मेव को मक्सी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर आरोपी को सब्जी मंडी के पास से पकड़ा गया। मंगलवार सुबह उसे उज्जैन से आई सीआईडी टीम को सौंप दिया गया।
सीआईडी टीम ने आरोपी लारेब मेव को न्यायालय में पेश किया। टीम ने मामले में आगे की पूछताछ और अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए कोर्ट से रिमांड की मांग की है।
आरोपी लारेब मेव दंगा प्रकरण के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन कुछ अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में एक बार फिर दंगा मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अपराध अनुसंधान कार्यालय में पदस्थ टीआई लाखन सिंह भूरिया ने जानकारी दी कि इस पूरे मामले की केस डायरी उन्हें दो महीने पहले ही मिली थी। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
