गोरखपुर, (वार्ता) मेजबान उत्तर प्रदेश व पिछले संस्करण की विजेता आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी सहित 20 राज्यों की टीमें 19 फरवरी से 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में दांव पर लगे 10 स्वर्ण सहित 30 पदकों के लिए दावेदारी करने उतरेंगे।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन द्वारा उत्तर प्रदेश खेल विभाग के बुनियादी और प्रशासनिक सहयोग से चैंपियनशिप का आयोजन रामगढ़ताल पर किया जा रहा है। चैंपियनशिप का औपचारिक उद्घाटन सोमवार को मुख्य अतिथि केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने किया।
उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा (उपाध्यक्ष, रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया) ने बताया कि चैंपियनशिप में मेजबान यूपी सहित 20 राज्यों की टीमों से 273 खिलाड़ी व पदाधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं। इसमें 136 बालक खिलाड़ी और 109 बालिका खिलाड़ी है। चैंपियनशिप में खिलाड़ी 10 स्वर्ण, 10 रजत व 10 कांस्य पदकों के लिए दावेदारी करेंगे और हीट्स की शुरुआत 19 मई को सुबह 7:30 बजे से होगी। आज विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने सुबह के सत्र में ताल में उतरकर लहरों पर अपनी तैयारियों की परख की।
आयोजन सचिव राजेश यादव ने बताया कि चैंपियनशिप में सबसे बड़ी मध्य प्रदेश की 29 सदस्यीय टीम प्रतिभाग करेगी। इसके अलावा हरियाणा व केरल की टीमों से 28-28 खिलाड़ी भाग लेंगे। इससे पूर्व भोपाल में 26 से 30 नवंबर, 2025 तक हुई 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी ओवरआल विजेता व मध्य प्रदेश उपविजेता रही थी।
प्रतिभागी टीमें : अंडमान-निकोबार, आसाम, आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी, चंडीगढ़, हरियाणा, आरएफआई -हिमाचल, झारखंड, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, आरएफआई-दिल्ली, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल।
स्पर्धाएं (बालक व बालिका): सिंगल स्कल, डबल स्कल, कॉक्सलेस पेयर्स, कॉक्सलेस फोर्स व क्वाड्रुपल स्कल।
