सतना :सड़क हादसे को लेकर सुप्रीम कोर्ट की तमाम गाइडलाइनों के बाद भी जिम्मेदार लोगों का लापरवाह रवैया खत्म नही हो रहा है कुछ ऐसे ही हालात सतना रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग में नेमुआ क्षेत्र के पास हैं महीनों पहले दुर्घटना से टूटी पुल की सुरक्षा दीवार फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है .रीवा-सतना नेशनल हाईवे-39 पर रामपुर बघेलान के पास नेमुआ क्षेत्र में सड़क किनारे टूटी पड़ी सुरक्षा दीवार राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़े खतरे का कारण बन सकती है.
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक महीने पहले इसी स्थान पर एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक नहर में जा गिरा था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी. हादसे के दौरान पुलिया किनारे बनी सुरक्षा दीवार टूट गई थी, लेकिन हादसे को एक महीने होने के बाद भी अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है.गौरतलब है कि हाईवे किनारे बनी सुरक्षा दीवार ( पैरापेट वॉल ) का एक हिस्सा पूरी तरह टूटा हुआ है. नीचे गहरी नहर और ऊपर तेज रफ्तार वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच यह स्थान दुर्घटना की आशंका पैदा करता है .
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय यह स्थान और अधिक खतरनाक हो जाता है क्योंकि यहां कोई चेतावनी संकेत या सुरक्षा इंतजाम नजर नहीं आते. इसके साथ ही लोगों ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय तक अस्थायी रूप से बैरिकेडिंग जैसी व्यवस्था की गई थी, लेकिन स्थायी मरम्मत नहीं हुई. उनका कहना है कि यह मार्ग सतना और रीवा को जोड़ने वाला प्रमुख नेशनल हाईवे है, जहां से रोजाना भारी वाहनों सहित हजारों वाहन गुजरते हैं. ऐसे में टूटी सुरक्षा दीवार किसी बड़े हादसे को दोबारा न्योता दे सकती है.
इस संदर्भ में जब लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यपालन यंत्री अनामिका सिंह से बात की गई. तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस क्षतिग्रस्त हिस्से की जानकारी अभी तक प्राप्त नहीं हुई थी लेकिन अब जानकारी मिलने के बाद संबंधित स्थान का निरीक्षण कराया जाएगा तथा आवश्यक मरम्मत जल्द कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी
