
इंदौर:पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (पीटीसी) परिसर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां प्रधान आरक्षक की पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. सुबह जब पति की नजर कमरे में पड़ी, तो पत्नी साड़ी के फंदे पर झूलती मिली. घबराए पति तत्काल उसे लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.थाना प्रभारी लोकेश भदौरिया ने बताया कि मृतका का नाम स्नेहा जादौन उम्र 24 साल है, उसके पति शैलेंद्र जादौन पीटीसी में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं और वहीं शासकीय आवास में रहते हैं.
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि घटना देर रात या तड़के की है, जब घर में अन्य कोई मौजूद नहीं था. सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है. कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पीटीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस अब परिजनों और आसपास रहने वालों के बयान दर्ज कर आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है.
