चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करें राहुल गांधी : शाह

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर रोक लगाने की कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन की मांग के बीच केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि श्री गांधी को आत्मचिंतन करना चाहिए तथा हर हार के लिए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता बढाने पर काम करना चाहिए।

श्री शाह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि श्री गांधी की एसआईआर के बहाने घुसपैठियों को बचाने की कार्ययोजना है लेकिन उसको देश की जनता भली-भांति समझ चुकी है और अब झांसे में आने वाली नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में निकाय चुनावों में भाजपा की जोरदार जीत के बाद आज सोशल मीडिया पर श्री शाह का विस्तृत बयान साझा किया है। इस बयान में श्री शाह ने कहा है, ” आज गुजरात में तीन म्युनिसिपलिटी और म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के चुनाव हुए हैं। दो म्युनिसिपलिटी और एक म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में कुल 104 सीटों में से 90 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड विजय प्राप्त की है।

गांधीनगर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, जो कि मेरे मत क्षेत्र के अंदर आता है, उसमें भारतीय जनता पार्टी ने 44 में से 38 सीटों पर विजय प्राप्त की है, जबकि आम आदमी पार्टी ने 32 की 32 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी 32 सीटों पर उनकी जमानत जब्त हो गई।” गृह मंत्री ने कहा है कि गुजरात में भाजपा की यह प्रचंड विजय गुजरात के मतदाताओं के मूड का द्योतक है कि भारत और गुजरात का मतदाता आज भी मोदी जी के साथ चट्टान की तरह खड़ा है।

श्री शाह ने एसआईआर पर विपक्ष के आरोपों पर श्री गांधी से पूछा है कि क्या 41 वर्षों में कांग्रेस का चुनाव नहीं जीतना एसआईआर का परिणाम है। उन्होंने कहा ,” मैं यह बात स्पष्ट करना चाहता हूं और विशेषकर राहुल जी को बताना चाहता हूं कि 41 साल के बाद आज भी कांग्रेस एक भी चुनाव नहीं जीत पाई है। मैं राहुल जी से यह भी पूछना चाहता हूं कि क्या यह एसआईआर का परिणाम है? भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रियता और मोदी जी की लोकप्रियता को आप एसआईआर का परिणाम कहकर झुठलाते हैं? आपको आत्मनिरीक्षण करना चाहिए।”

श्री शाह ने कहा कि गुजरात, राजस्थान, त्रिपुरा और अन्य राज्यों के स्थानीय निकाय एवं उपचुनावों में भाजपा और राजग को मिली सफलता जनता के समर्थन को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अभी-अभी देश में तीन राज्यों में उपचुनाव हुए, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी, जहां कांग्रेस को एक भी सीट प्राप्त नहीं हुई। श्री शाह ने श्री गांधी को सीख देते हुए कहा ,” राहुल गांधी जी को चुनाव परिणामों से सबक लेते हुए आत्मचिंतन करना चाहिए। हर हार के लिए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस को जनता के बीच अपनी स्वीकार्यता पर विचार करना चाहिए। जनता का विश्वास केवल आरोपों और प्रचार से नहीं, बल्कि जनसंपर्क और जनसेवा से हासिल होता है। भाजपा और राजग को मिले समर्थन के लिए मैं सभी मतदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”

उन्होंने श्री गांधी पर घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा, “मैं राहुल गांधी जी को बताना चाहता हूं कि राहुल गांधी जी, एसआईआर के बहाने घुसपैठियों को बचाने की आपकी जो कार्ययोजना है, उसको देश की जनता भली-भांति समझ चुकी है और अब भारत की जनता आपके झांसे में आने वाली नहीं है।”

श्री शाह ने कहा कि राजग 2029 के चुनाव भी प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगा। उन्होंने कहा, “श्री राहुल गांधी जी और उनके साथियों को मैं यह भी बताना चाहता हूं कि 2029 के आम चुनाव में राजग प्रचंड बहुमत के साथ जीतकर आने वाला है और कांग्रेस की फिर से एक बार लगातार चौथी बार हार होने वाली है। इस देश की जनता मोदी जी के साथ है, भाजपा के साथ है, राजग के साथ है। मैं भारतीय जनता पार्टी की ओर से सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का हृदय से धन्यवाद करना चाहता हूं।” उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन के दल राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एसआईआर पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

 

Next Post

इंदौर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था पर हाईकोर्ट सख्त

Tue Oct 13 , 2026
इंदौर: शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था और न्यायालयीन आदेशों के पालन में लापरवाही को लेकर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई. न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर और न्यायमूर्ति जय कुमार पिल्लई की खंडपीठ के समक्ष राजलक्ष्मी फाउंडेशन की जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने […]

You May Like

Play sound