तेहरान, 11 अप्रैल (वार्ता) ईरान का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ वार्ता शुरू होने से पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करेगा। तसनीम समाचार एजेंसी ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक ईरानी प्रतिनिधिमंडल आज की बैठकों के दौरान अमेरिकी रुख और उसके दायित्वों के अनुपालन का आकलन करेगा जिसके बाद वह वार्ता पर निर्णय लेगा। अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडलों के बीच इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है जिससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति प्राप्त होने की उम्मीद है।
सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि बातचीत प्रत्यक्ष रूप से और मध्यस्थों के माध्यम से दोनों तरीकों से आयोजित होने की उम्मीद है। अमेरिका के साथ वार्ता के लिए ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद-बघेर ग़ालिबफ़ कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली अकबर अहमदीन और केंद्रीय बैंक के गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती भी शामिल हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को ईरान के साथ दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते की घोषणा की। इसके बाद ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की घोषणा की, जिससे दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल, पेट्रोलियम उत्पाद और एलएनजी की आपूर्ति होती है।

