वैश्विक चिंता में लुढ़का शेयर बाजार

मुंबई, 04 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनैतिक संकट के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को बड़ी गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक करीब डेढ़ फीसदी टूट गये। बीएसई का सेंसेक्स 1,122.66 अंक (1.40 प्रतिशत) लुढ़ककर 79,116.19 अंक पर बंद हुआ जो करीब नौ महीने का निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 385.20 अंक यानी 1.55 प्रतिशत टूटकर छह महीने के निचले स्तर 24,480.50 अंक पर रहा।
दोनों सूचकांक सुबह के कारोबार में दो प्रतिशत की गिरावट में थे। रुपये में भी आज बड़ी गिरावट देखी गयी। फिलहाल यह 58.25 पैसे टूटकर 92.0750 रुपये प्रति डॉलर पर है। मझौली और छोटी कंपनियों पर अधिक दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.95 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.11 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। शेयर बाजार में उथल-पुथल की संभावना का इंडिया वीआईएक्स सूचकांक 23 के पार पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 17.10 रहा था।
आईटी को छोड़कर सभी सेक्टर दबाव में रहे। एनएसई में सार्वजनिक बैंक, धातु, मीडिया और तेल एवं गैस, समूहों के सूचकांक तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट में रहे थे। ऑटो, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और वित्त सेक्टरों के सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा गिर गये। अन्य सभी सूचकांकों में भी एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही।

सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर पौने सात प्रतिशत लुढ़क गया। एलएंडटी में साढ़े चार प्रतिशत की गिरावट रही। बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट और एनटीपीसी के शेयर तीन प्रतिशत से अधिक टूटे। बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, अडानी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनीलिवर और ट्रेंट के शेयर दो से तीन प्रतिशत के बीच गिर गये। पावरग्रिड, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, बीईएल, एचडीएफसी बैंक और भारतीय स्टेट बैंक में एक से दो प्रतिशत तक गिरावट रही। टीसीएस, इटरनल, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर भी गिरावट में रहे। एयरटेल में करीब पौने दो प्रतिशत की तेजी रही। इंफोसिस का शेयर भी डेढ़ फीसदी चढ़ा। टेक महिंद्रा भी बढ़त में बंद हुआ।

Next Post

पाकिस्तान ने बंगलादेश वनडे के लिए बड़े बदलाव किए, बाबर आजम को नहीं मिली जगह

Wed Mar 4 , 2026
इस्लामाबाद, 04 मार्च (वार्ता) बाबर आज़म को आने वाले बंगलादेश दौरे के लिए पाकिस्तान वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अगले हफ़्ते शुरू होने वाली तीन मैचों की सीरीज़ के लिए 15 लोगों की टीम की घोषणा की और बाबर को बाहर किया जाना […]

You May Like