सबसे बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन: प्रदेश भर में 2100 से ज्यादा वारंटी गिरफ्तार, अपराधियों में हड़कंप

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अपराधियों, फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए प्रदेशव्यापी व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाते हुए हाल के महीनों की सबसे बड़ी समन्वित कार्रवाई को अंजाम दिया। देर रात से शुरू होकर सुबह तक चले इस विशेष अभियान में राज्यभर में 2500 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में संचालित इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 2100 से अधिक वारंटों की तामील कर फरार और आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने सूचीबद्ध बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों, निगरानीशुदा अपराधियों और जिलाबदर आरोपियों की सघन जांच भी की। इसके साथ ही अवैध शराब कारोबार, जुआ, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

ग्वालियर इस अभियान का प्रमुख केंद्र रहा, जहां पुलिस ने 249 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 121 स्थायी वारंटी और 128 गिरफ्तारी वारंट वाले आरोपी शामिल हैं। जबलपुर में पुलिस ने 191 वारंट तामील किए।

टीकमगढ़ पुलिस ने दो दिवसीय मेगा कॉम्बिंग अभियान चलाकर विभिन्न श्रेणियों के 467 वारंटों की तामील की। साथ ही वाहन चेकिंग अभियान चलाकर आबकारी अधिनियम के तहत कई प्रकरण दर्ज किए गए।

मुरैना में पुलिस ने इनामी अपराधियों समेत 150 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा करीब 44 हजार रुपये मूल्य की अवैध कच्ची शराब जब्त की। विदिशा पुलिस ने 720 स्थानों पर दबिश देकर 297 वारंट तामील किए और कई हिस्ट्रीशीटरों व जिलाबदर बदमाशों की जांच की।

उज्जैन पुलिस ने 200 वारंटों की तामील करते हुए हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मंदसौर में पुलिस ने एक वाहन से 68 ग्राम एमडी ड्रग्स और 65 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया। इसके अलावा आबकारी और जुआ संबंधी मामलों में भी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस व्यापक अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले महीनों में भी प्रदेशभर में ऐसे सघन अभियान लगातार जारी रहेंगे।

 

 

Next Post

जल संकट: पटवारी का इंदौर के लोगों को खुला पत्र, मेट्रो और फ्लाईओवर नहीं; पानी से जिंदा रहते हैं शहर

Mon May 25 , 2026
भोपाल। इंदौर अब गंभीर जल संकट की ओर बढ़ रहा है। इस पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि शहर में बढ़ती पानी की समस्या केवल गर्मियों का मौसमी संकट नहीं, बल्कि वर्षों की प्रशासनिक विफलताओं और अव्यवस्थित शहरी विस्तार का परिणाम है। इंदौरवासियों के नाम […]

You May Like