
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने अपने ट्रांसफॉर्मर प्रभाग के ब्लॉक-3 में निर्मित पहले 765 केवी, 500 एमवीए इंटर-कनेक्टिंग ट्रांसफॉर्मर (आईसीटी) को रवाना कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संयंत्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने ट्रांसफॉर्मर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर प्रदीप कुमार उपाध्याय ने निर्माण टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि बीएचईएल भोपाल की तकनीकी उत्कृष्टता, इंजीनियरिंग क्षमता और गुणवत्ता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कार्यक्रम में प्रभाग के वरिष्ठ अधिकारियों रूपेश तैलंग, जी.पी. बघेल, एस.के. महाजन तथा आर.के. अग्रवाल सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
यह ट्रांसफॉर्मर देश की अग्रणी विद्युत पारेषण कंपनी पावर ग्रिड की कर्नाटक स्थित कोप्पल ट्रांसमिशन परियोजना के लिए तैयार किया गया है। इस प्रकार के पहले ट्रांसफॉर्मर का डिजाइन, निर्माण और परीक्षण बीएचईएल भोपाल परिसर में पावर ग्रिड के अधिकारियों की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया, जिससे इसकी गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
परियोजना के सफल क्रियान्वयन ने विद्युत उपकरण निर्माण के क्षेत्र में बीएचईएल भोपाल की अग्रणी भूमिका को एक बार फिर रेखांकित किया है। कंपनी का कहना है कि यह उपलब्धि उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की आपूर्ति और महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं के समयबद्ध निष्पादन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।
