पांचवीं मंजिल से गिरे जूनियर डॉक्टर की मौत

इंदौर: शहर के प्रतिष्ठित एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। जहां मेडिसिन विभाग के फाइनल ईयर के एक पीजी डॉक्टर की हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। डॉक्टर का शव हॉस्टल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस फिलहाल आत्महत्या और हादसा, दोनों ही पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना बीती रात करीब 2 बजे की है। एमजीएम बॉयज हॉस्टल परिसर के ब्लॉक नंबर-5 के पास अचानक कुछ गिरने की आवाज आई, जिसके बाद वहां मौजूद अन्य छात्रों ने जाकर देखा तो परिसर में डॉक्टर का शव लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। हॉस्टल में सीनियर डॉक्टर की इस तरह मौत की खबर फैलते ही पूरे परिसर और मेडिकल कॉलेज में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में इसकी सूचना कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान डॉ. अमन पटेल (30) के रूप में हुई है.

कुछ ही महीनों में पूरा होने वाला था पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स
डॉ. अमन एमजीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में फाइनल ईयर के पीजी स्टूडेंट थे और महज कुछ ही महीनों में उनका यह पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स पूरा होने वाला था। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई जबलपुर से पूरी की थी और वे मूल रूप से जबलपुर के ही रहने वाले थे। संयोगितागंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया.

कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है पुलिस को
पुलिस को जांच के दौरान मृतक के पास या कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर पैर फिसलने की वजह से हुआ कोई हादसा, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और डॉ. अमन के मोबाइल रिकॉर्ड्स व हॉस्टल के अन्य छात्रों के बयान दर्ज होने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी

Next Post

मुलताई में कांप रही धरती: 3 दिन में 6 भूकंपीय केंद्रों से दहशत, मां ताप्ती सरोवर और बांधों पर मंडराया खतरा

Tue May 19 , 2026
​मुलताई। पवित्र नगरी मुलताई सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों बीते कुछ दिनों से लगातार महसूस किए जा रहे भूकंप के झटकों से लोग दहशत मे है. सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज हो रहे डराने वाले आंकड़ों को देखते हुए झटको की जांच की मांग को लेकर ​सोमवार को पाशा खान, दिनेश […]

You May Like