
शाजापुर। जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद एक महिला की मौत के बाद सोमवार को बजरंग दल व विहिप के कार्यकर्ताओं ने दोपहर 3 बजे जिला मुख्यालय के ट्रैफिक पॉइंट पर शव रखकर एबी रोड हाईवे जाम कर दिया. आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने व उसके घर पर बुल्डोजर चलाने की मांग की.
यह घटना 15 मई की रात की है जब अनीताबाई मालवीय लसूडिया मेहा जोड़ पर गंभीर घायल अवस्था में मिली थीं.महिला के बेटे रोहित मालवीय ने पुलिस को बताया कि आरोपी इब्राहिम खान ने उसकी मां पर डंडे से हमला कर उन्हें सडक़ पर पटक दिया था. गंभीर रूप से घायल महिला ने देवास के अमलतास अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. विहिप विभाग मंत्री राजेश ने आरोप लगाया कि यह मामला लव जिहाद से जुड़ा है और जिले में ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई नहीं की तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में उग्र रूप लेगा.
यह था मामला…
बताया जा रहा है कि ग्राम सकरई निवासी अनीताबाई मालवीय 15 मई की रात करीब 9 बजे सारंगपुर-अकोदिया रोड से गुजर रही थीं. इसी दौरान लसुल्डिया मेहा जोड़ के पास ग्राम मुडलाय निवासी इब्राहिम खां ने उन्हें रोका और डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. आरोपी इब्राहिम खां ने अनीताबाई को जान से मारने की नीयत से पीटा और पक्की सडक़ पर पटक दिया. इस हमले में महिला के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल महिला को इलाज के लिए देवास के अमलतास अस्पताल में भर्ती कराया. उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और रविवार रात को महिला की मौत हो गई. परिजनों की शिकायत और देहाती नालसी के आधार पर सलसलाई थाना पुलिस ने 17 मई की रात को आरोपी इब्राहिम के खिलाफ अपराध कायम किया.
हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार…
आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उसके घर पर बुल्डोजर चलाने की मांग को लेकर विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा हाईवे पर चक्काजाम किया गया. जिसके कारण हाईवे के दोनो ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई. हालांकि मौके पर एएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, लेकिन प्रदर्शनकारी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे. वे अपनी मांग पर अड़े हुए थे. जिन्हें संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, एसडीएम मनीषा वास्कले और तहसीलदार सहित कई थानों का पुलिस बल तैनात रहा. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को उचित वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया तब प्रदर्शनकारी माने धरना समाप्त किया.
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बढ़ाई धाराएं…
एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपी इब्राहिम खान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. इस मामले में पहले भारतीय न्याय संहिता बीएनस की धारा 109 और एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था. महिला की मौत के बाद अब पुलिस मामले में हत्या से संबंधित अन्य धाराएं जोडऩे की कार्रवाई कर रही है.
