
जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के देशव्यापी आह्वान से प्रेरणा लेते हुए नगर निगम ने एक और अनुकरणीय पहल की शुरुआत की है। निगम प्रशासन ने अब सरकारी कार्यों और निरीक्षणों के लिए पूल वाहन व्यवस्था को लागू करने का निर्णय लिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ईंधन की बचत करना, फिजूलखर्ची रोकना और पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाना है।
निगम की इस पहल से पेट्रोल-डीजल के खर्च का आर्थिक भार कम होगा, बल्कि सड़कों पर वाहनों की संख्या घटने से कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी। यह कदम शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के सख्त और सुधारात्मक निर्देशानुसार इस पहल पर तत्काल अमल शुरू कर दिया गया है। सोमवार को शहर में एक अनूठा नजारा देखने को मिला, जब भवन अधिकारी के आवंटित वाहन में ही कार्यपालन यंत्री जी एस मरावी और कालोनी सेल के प्रभारी सुनील दुबे एक साथ सवार हुए। सभी अधिकारियों ने अलग-अलग गाड़ियों के बजाय एक ही गाड़ी पूल व्हीकल का उपयोग करते हुए शहर के विभिन्न वार्डों और विकास कार्यों का संयुक्त निरीक्षण किया। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। पूल वाहन की इस व्यवस्था से प्रशासनिक खर्चों में भारी कटौती होगी और हम पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देंगे।
