जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे

जबलपुर:पाटन के ग्राम राखी वरवटा में जमीन पर नाली बनाने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान पथराव और लाठी-डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायत पर एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय छात्र हर्षवर्धन पटेल ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा अमित पटेल से उनके परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है।

रात करीब 8:30 बजे वह अपने घर पर कुछ काम कर रहा था। इसी दौरान चाचा अमित पटेल वहां पहुंचे और उसे देखते ही अभद्र गालियां देने लगे। हर्षवर्धन ने जब विरोध किया, तो अमित ने हाथ में लिए डंडे से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी पीठ पर गंभीर चोट आई है। शोर सुनकर जब हर्षवर्धन के पिता अश्वनी पटेल और दूसरे चाचा विभाष पटेल बीच-बचाव करने आए, तो आरोपी ने उनके साथ भी झूमाझपटी की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला।

वहीं, दूसरे पक्ष के 35 वर्षीय किसान अमित पटेल ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई हैं कि शनिवार रात उसने अपने बड़े पापा जगदीश पटेल को फोन किया था और अपनी निजी जमीन से नाली निकालने का विरोध किया था। इसी बात की खुन्नस में आकर अश्वनी पटेल का बेटा हर्षवर्धन उसके घर के सामने आया और विवाद करने लगा। अमित ने जब गालियां देने से मना किया, तो हर्षवर्धन ने डंडे से मारकर उसके कंधे पर चोट पहुंचा दी। इसके तुरंत बाद हर्षवर्धन के पिता अश्वनी पटेल और चाचा विभाष पटेल भी हाथों में डंडे लेकर वहां आ धमके और तीनों ने मिलकर अमित को घेर लिया। आरोपियों ने डंडों से पीट- पीटकर अमित की पीठ, घुटने और गले पर चोटें पहुंचाईं और दोबारा बोलने पर जान से मारने की धमकी दी।

Next Post

दिल्ली और गोवा में ईडी की बड़ी कार्रवाई: आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला सहित कई ठिकानों पर बैंक लोन फ्रॉड मामले में छापेमारी

Mon May 18 , 2026
नई दिल्ली | दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार सुबह आम आदमी पार्टी (AAP) के कद्दावर नेता दीपक सिंगला और उनसे जुड़े कुछ अन्य सहयोगियों के ठिकानों पर एक साथ बड़ा छापा मारा। जांच एजेंसी की यह कूटनीतिक कार्रवाई बैंक लोन […]

You May Like