इंदौर: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आईईटी डिपार्टमेंट स्थित रामानुजनम बी हॉस्टल में रविवार तड़के फाइनल ईयर के छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया. दारू बदनाम कर दी फिल्मी गाने पर अर्धनग्न हालत में डांस किया, पानी की टंकी और टेबल-कुर्सियां फेंकी और तोड़फोड़ की. छात्रों के इस तांडव का वीडियो सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन हरकत में आया. कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई ने छात्रों की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे के बाद की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में हॉस्टल के भीतर बड़ी संख्या में छात्र अर्धनग्न होकर तेज आवाज में गानों पर डांस करते नजर आ रहे हैं. कुछ छात्र पहली मंजिल से नीचे खड़े साथियों पर बाल्टियों से पानी फेंकते दिख रहे हैं, वहीं नीचे मौजूद छात्र शोर-शराबे के बीच झूम रहे हैं. हंगामे के दौरान छात्रों ने हॉस्टल में जमकर तोड़फोड़ की. प्लास्टिक की कुर्सियां, टेबल और पानी की टंकी तोड़ दी गई. खिड़कियों के कांच फोड़ दिए और अन्य सामान इधर-उधर फेंक दिया.
बियर की खाली कैन, सिगरेट पैकेट और अन्य नशीले पदार्थों के अवशेष मिले पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. परिसर में बियर की खाली कैन, सिगरेट के पैकेट और अन्य नशीले पदार्थों के अवशेष भी मिले हैं. मामला सामने आते ही यूनिवर्सिटी प्रबंधन एक्शन मोड में आ गया है. आईईटी डिपार्टमेंट के निदेशक डॉ. प्रतोष बंसल ने रिपोर्ट कुलगुरु को सौंप दी है. कुलगुरु प्रो. सिंघई ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है. उन पर आर्थिक दंड के साथ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि उत्पात मचाने वाले सभी छात्र फाइनल ईयर के हैं.
छात्रों की हरकत निंदनीय है, जांच पश्चात दोषियों पर होगा सख्त एक्शन
आईईटी कैंपस के प्रोफेसर प्रतोष बैंसल ने बताया कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है. उन्होंने आशंका जताई कि छात्र संभवतः नशे की हालत में थे. सामान्य स्थिति में कोई इस तरह की हरकत नहीं कर सकता. पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. प्रोफेसर बंसल के अनुसार रामानुजन हॉस्टल में करीब 150 छात्र रहते हैं. उन्होंने कहा कि बीटेक फाइनल ईयर के छात्रों द्वारा की गई यह हरकत बेहद निंदनीय है. मामले की जानकारी छात्रों के अभिभावकों को भी दे दी गई है.
