इंदौर:शहर में आग बुझाने की तकनीक अब हाईटेक हो गई है. दमकल अमले को राहत देने के लिए 2 करोड़ रुपए का अत्याधुनिक फायर फाइटर रोबोट तैनात किया है, जो भीषण आग और खतरनाक हालात में भी बिना रुके काम कर रहा है. रिमोट से संचालित यह मशीन अब कई घटनाओं में इस्तेमाल होकर अपनी उपयोगिता साबित कर चुकी है.यह रोबोट उन जगहों पर भी आसानी से पहुंच जाता है, जहां तेज गर्मी और धुएं के कारण दमकलकर्मियों का टिक पाना मुश्किल हो जाता है. कैमरों और सेंसर से लैस यह मशीन कंट्रोल रूम से ही ऑपरेट होती है, जिससे मौके की लाइव स्थिति साफ दिखाई देती है.
करीब एक माह पहले दमकल अमले में शामिल किए गए इस रोबोट को चलाने के लिए फायर स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है. हाल ही में शहर के नावदा पंथ क्षेत्र में प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग, परदेशीपुरा, सिटी फॉरेस्ट और पीथमपुर की घटनाओं में इसका उपयोग किया जा चुका है, जहां इसने आग पर काबू पाने में अहम भूमिका निभाई. नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह रोबोट फायर टैंकर से सीधे कनेक्ट होकर काम करता है और लंबे समय तक एक ही जगह टिककर पानी डाल सकता है. जहां इंसानी पहुंच मुश्किल होती है, वहां यह मशीन बिना जोखिम के अंदर तक जाकर आग बुझाने में मददगार साबित हो रही है.
अत्याधुनिक फायर फाइटर रोबोट की ये हैं विशेषताएं
यह टैंक जैसी बनावट वाला अनमैन्ड ग्राउंड व्हीकल है, जो ऊबड़ खाबड़ रास्तों, मलबे और सीढ़ियों पर भी बिना अटके आगे बढ़ता है. रोबोट में हाई प्रेशर वाटर और फोम सिस्टम लगा है, जिससे दूर से ही आग पर काबू पाया जा सकता है. थर्मल इमेजिंग कैमरा घने धुएं में भी गर्मी के स्रोत और संभावित लोगों की पहचान कर लेता है. करीब 1.5 किलोमीटर दूर से इसे ऑपरेट किया जा सकता है, जबकि 500 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में भी यह काम करता है. वहीं एक बार चार्ज होने पर यह 8 से 10 घंटे तक सक्रिय रह सकता है. यह मशीन तेल गैस संयंत्र, केमिकल इंडस्ट्री, बड़े गोदाम, ट्रांसफॉर्मर फायर और औद्योगिक हादसों जैसी जोखिम भरी जगहों पर खासतौर पर कारगर है. इसके अलावा यह 500 किलो तक का वजन हटाने या उठाने में भी सक्षम है.
