बैतूल। भैंसदेही थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुदगांव-धामनगांव मार्ग पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 35 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। हादसे में कार में सवार तीन युवक घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और 108 एम्बुलेंस टीम की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अमरावती जिले के भातकोली गांव निवासी राहुल कड़ू, सत्यम तोमर और कृष्णा मोकडे कार से अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब चार बजे रास्ते में कार के ब्रेक फेल हो गए। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे बने कुएं में गिर गई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। साथ ही 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। ईएमटी दीपक बारस्कर और पायलट मोहित चडोकर ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में उतरकर घायलों को बाहर निकाला।
काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर लाया गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। समय पर रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
