बैतूल। मुलताई के अंबेडकर वार्ड में शनिवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घर की पहली मंजिल से गिरने के बावजूद डेढ़ साल की बच्ची सुरक्षित बच गई। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले के लोग हैरान रह गए। बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है।
जानकारी के अनुसार घायल बच्ची भानू पिता लक्ष्मण बगाहे की बेटी है। शनिवार रात करीब 8 बजे वह घर की बालकनी और छत के पास खेल रही थी। इसी दौरान खेलते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पहली मंजिल से नीचे गिर गई। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बच्ची गिरते ही परिवार के लोग और आसपास मौजूद लोग तुरंत उसकी ओर दौड़े। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन बच्ची को तुरंत क्रिश मेमोरियल हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्ची को केवल मामूली खरोंचें आई हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बच्ची गिरते समय नीचे रखे गमले से हल्के टकराई, जिससे गिरने की रफ्तार कुछ कम हो गई। इसके बाद वह जमीन पर गिरी। लोगों का कहना है कि अगर गिरने का तरीका अलग होता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना के बाद इलाके में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। लोगों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को छत, बालकनी और सीढ़ियों के पास अकेला न छोड़ें। साथ ही घरों की बालकनी और ऊपरी हिस्सों में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की जरूरत भी बताई जा रही है।
