भोपाल। मेट्रो ब्लू लाइन के कॉरिडोर प्रोजेक्ट की राह में आ रहीं फिलहाल करीब 35 नोटरी की दुकानें भी शिफ्ट होंगी. कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश के बाद पुरानी विधान मिंटो हॉल के सामने मालवीय नगर मुख्यमार्ग से सालों से संचालित नोटरी की दुकानों पर प्रशासन का अमला पहुंचा. दुकानदारों को एकत्रित करके उनकी सुनवाई की. एसडीएम दीपक पांडेय,तहसीलदार करूणा दंडोतिया व उनकी टीम ने दुकानदारों से कहा कि प्रशासन जल्द ही आपकी दुकानें हटाने जा रहा है. इसके बाद दुकानदार एसडीएम से बोले कि शहर के विकास में हम आड़े नहीं आएंगे, लेकिन दुकानें हटने से बेरोजगार हो जाएंगे. दुकानदारों ने प्रशासन को तीन जगह बताईं और कहा कि इनमें से कहीं भी एक जगह शिफ्ट कर दीजिए. दुकानों को खुद हटा लेंगे. दुकानदारों ने पहली जगह जिला अदालत के सामने झुग्गियों के पास बताई, दूसरी जगह विधानसभा विश्राम गृह और तीसरी जगह मालवीय नगर में ही पास में पुराने पंजीयन कार्यालय में बताई. इस पर एसडीएम दीपक पांडेय ने कहा कि तीनों जगह पर जाकर देखेंगे, उसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
मेट्रो ब्लू लाइन कॉरिडोर की राह साफ करने तैयारी, 35 नोटरी दुकानें होंगी शिफ्ट
