
देवास। जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में बड़ा एक्शन देखने को मिला है। हादसे के बाद लगातार उठ रहे सवालों और प्रारंभिक जांच में सामने आई लापरवाही के आधार पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
उज्जैन संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने टोंकखुर्द एसडीएम संजीव सक्सेना और नायब तहसीलदार रवि शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश में फैक्ट्री निरीक्षण, विस्फोटक सामग्री की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्थाओं के परीक्षण में गंभीर लापरवाही का उल्लेख किया गया है। बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा समय-समय पर आवश्यक निरीक्षण नहीं किए गए, जिससे फैक्ट्री संचालन को लेकर कई अनियमितताएं सामने आईं।
वहीं शासन स्तर से सोनकच्छ एसडीओपी दीपा मांडवे को भी निलंबित किया गया है। उन पर फैक्ट्री संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त निगरानी नहीं रखने तथा आवश्यक रिपोर्टिंग में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं। दूसरी ओर देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने टोंककला चौकी प्रभारी रमनदीप हुंडल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गौरतलब है कि टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया था। हादसे में कई लोगों की मौत और अनेक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। घटना के बाद से ही फैक्ट्री की अनुमति, सुरक्षा मानकों, विस्फोटक सामग्री के भंडारण और प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे थे।
प्रशासन का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और फैक्ट्री संचालन को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।
