सरकारी इलेक्ट्रानिक बाजार मंच ‘जेम’ ने मनाया 9वां स्थापना दिवस; सकल लेन-देन 18.4 लाख करोड़ रुपये के पार

 

नयी दिल्ली, 16 मई (वार्ता) अपने गठन के 9 वर्ष पूरे कर रहा गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) देश में पारदर्शिता, दक्षता और प्रौद्योगिकी-आधारित शासन के माध्यम से सार्वजनिक खरीद प्रणाली को मजबूत, प्रतिस्पर्धी तथा किफायती बनाने के साथ आज देश में एक प्रमुख ई-वाणिज्य मंच बन कर उभरा है। वाणिज्य मंत्रालय के अंतर्गत कंपनी अधिनियम 2013 की धारा 8 के तहत एक गैर-लाभकारी कंपनी के रूप में 17 मई 2017 को गठित जेम से आज 1.36 लाख से अधिक सरकारी खरीदार और लगभग 25 लाख विक्रेता एवं सेवा प्रदाता जुड़े हैं। इसके चालू होने से अप्रैल 2026 के अंत तक जेम के माध्यम से सकल 18.4 लाख करोड़ रुपये के सामान और सेवाओं के सौदे हो चुके थे और यह विश्व में अपनी तरह के एक प्रमुख आनलाइन बाजार मंच के रूप में स्थापित हो चुका है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और विकसित भारत 2047 की परिकल्पना के अनुरूप, जेम स्थानीय क्षमताओं को सरकारी खरीद अवसरों से जोड़कर घरेलू उद्यमों का समर्थन करता रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर फार्मास्यूटिकल्स, परिवहन, निर्माण उपकरण, फर्नीचर, वस्त्र और चिकित्सा उपभोग्य सामग्रियों जैसे क्षेत्रों के प्रथम श्रेणी के स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं की भागीदारी देखी गई है। विज्ञप्ति के अनुसार इस मंच पर आज 1.36 लाख से अधिक सरकारी खरीदार और लगभग 25 लाख विक्रेता एवं सेवा प्रदाता पंजीकृत हैं, जिनमें सक्रिय विक्रेताओं का लगभग 72 प्रतिशत सूक्ष्म और लघु उद्यम हैं। वित्त वर्ष 2025–26 के दौरान जेम पर 11 लाख से अधिक लघु और मझोली आपूर्तिकर्ता इकाइयों को 2.36 लाख करोड़ मूल्य के 51 लाख से अधिक ऑर्डर प्राप्त हुए। इनमें 28,000 करोड़ रुपये से अधिक के आर्डर महिला इकाइयों को तथा 6,000 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर अनुसूचित जाति एवं जनजाति के उद्यमियों की इकाइयों को प्राप्त हुए।

मंत्रालय के अनुसार इस वर्ष के दौरान जेम से स्टार्टअप्स को 19,000 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर मिले, जो उद्यमिता को बढ़ावा देने और सरकारी खरीद तक पहुंच बढ़ाने में इसकी भूमिका को दर्शाता है। जेम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मिहिर कुमार ने कहा, ‘ जेम की स्थापना सरकार और उसकी एजेंसियों के लिए एक पारदर्शी, कुशल और समावेशी डिजिटल खरीद मंच बनाने की दृष्टि से की गई थी। आज जेम आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल को समर्थन देते हुए घरेलू उद्यमों को खरीद अवसरों से जोड़ रहा है।” जेम के स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत विभिन्न हितधारक सहभागिता और ज्ञान-साझाकरण कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस बार जेम स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत शुक्रवार को आपूर्तिकर्ताओं के लिए एक कार्यशाला से हुई, जिसका उद्देश्य संभावित मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) के लिए आपूर्तिकर्ताओं के आकलन की प्रक्रिया और दस्तावेज़ी आवश्यकताओं को अधिक स्पष्ट बनाना है। इन समारोहों के अंतर्गत 21 मई को “जेम बाजार-मंच को समृद्ध बनाना” विषय पर ” जेम मंथन” संगोष्ठी आयोजन करेगा उसके अगले दिन रक्षा सेवाओं के प्रतिनिधियों के साथ एक विचार-मंथन सत्र भी आयोजित करेगा, जिसमें रक्षा खरीद और परिचालन आवश्यकताओं के साथ बेहतर समन्वय हेतु प्रक्रिया सुधार और तकनीकी हस्तक्षेपों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

.....

Next Post

पुष्कर जोग ने कान्स डेब्यू में दिल जीत लिए; मराठी सिनेमा के लिए गर्व का पल

Sat May 16 , 2026
मुंबई, 16 मई (वार्ता) अभिनेता पुष्कर जोग ने प्रतिष्ठित कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में अपना दमदार डेब्यू किया और अपनी मौजूदगी से सबका दिल जीत लिया। पुष्कर जोग ने इस ग्लोबल मंच पर महाराष्ट्र का शानदार प्रतिनिधित्व किया।कान्स में दुनिया भर के बड़े-बड़े सितारे और नामी चेहरे मौजूद थे। इस […]

You May Like