सिंगरौली: जिले में सड़क सुरक्षा, वैधानिक परिवहन व्यवस्था और शासकीय राजस्व संरक्षण को लेकर परिवहन विभाग ने झिंगुरदह माइंस क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। रोड सेफ्टी इनफोर्समेंट चेक पॉइंट यूनिट की इस कार्रवाई में अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 17 मालवाहक वाहनों को जप्त किया गया है, जिससे अवैध परिवहन के संगठित नेटवर्क का पर्दाफांस हुआ है।
इधर बता दें कि 16 दिसंबर को झिंगुरदह माइंस क्षेत्र के समीप एक बाइक और ट्रिप टेलर के बीच हुई गंभीर सड़क दुर्घटना की सूचना परिवहन विभाग को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही चेक पॉइंट यूनिट ने मौके पर पहुंचकर रोड सेफ्टी प्रोटोकॉल के तहत निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि दुर्घटना का प्रमुख कारण ओवरलोडिंग, असंतुलित वाहन संचालन और नियमविरुद्ध खनिज परिवहन था। इसी दौरान स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध खनिज परिवहन की जानकारी विभाग को दी, जिसके बाद कार्रवाई को व्यापक रूप दिया गया।
साथ ही परिवहन विभाग द्वारा की गई सघन जांच में पाया गया कि अधिकांश मालवाहक वाहन बिना वैध पंजीकरण, परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र और बीमा के संचालित हो रहे थे। कई वाहन निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक ओवरलोड पाए गए। इसके साथ ही कर अपवंचन और मोटरयान अधिनियम व सड़क सुरक्षा मानकों की खुली अवहेलना भी सामने आई। कार्रवाई के दौरान कुछ चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जबकि कई ने शासकीय कार्य में सहयोग नहीं किया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि अवैध खनिज परिवहन सुनियोजित और संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवहन विभाग ने खनिज विभाग को भी सूचित किया। अभियान के दौरान 17 मालवाहक वाहनों को मौके पर ही जप्त कर थाना मोरवा में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
