इंदौर: प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल एमवाय में नवजात को चूहों के कुतरने और मौत होने पर गुनहगारों को दंड मिलना चाहिए. बच्चियों के मौत के दोषी चिकित्सकों और कर्मचारियों पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की जाना चाहिए. यह मांग समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर ने कही.लोकतांत्रिक पार्टी के संरक्षक रघु ठाकुर ने कहा कि समूचा देश प्रशासनिक चूहों से परेशान है जो देश के विकास और बजट को दशकों से कुतर कुतर के खा रहे हैं, लेकिन अब जानवर चूहे अस्पताल में नवजात शिशुओं को कुतर कर खा रहे हैं.
इंदौर के एमवाय अस्पताल में दो सितंबर को दो नवजात की चूहे कुतरने से मौत हो गई. ठाकुर ने बताया कि यह प्रदेश की कोई पहली घटना नहीं है बल्कि इसके पहले भी ऐसी कई घटनाएं घट चुकी हैं. राज्य सरकार ने कुछ कर्मचारियों को निलंबित किया है, परंतु क्या यह निलंबन पर्याप्त है? और क्या कोई सजा है? शासन ने द्वारा हाई पावर जांच कमेटी भी बनाई है जिसके सभी सदस्य चिकित्सक हैं. क्या वास्तव में यह कमेटी निष्पक्ष जांच करेगी? यहसिर्फ दिखावा लगता है.
कर्तव्य उपेक्षा द्वारा हत्या
लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग करती है कि जिनके कारण नवजात बच्चों की मौत हुई है. उन चिकित्सकों एवं कर्मचारी के ऊपर हत्या का मुकदमा दर्ज कर, उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए. यह लापरवाही नहीं है, बल्कि कर्तव्य उपेक्षा के द्वारा की गई हत्या है. साथ ही अगर जांच करवाना है, तो इंदौर शहर के नागरिकों,वकील और पत्रकारों की संयुक्त समिति बनाकर जांच कराई जाए. एक सप्ताह में जांच की रिपोर्ट देने की बाध्यता हो.
