एयरकार्गो परिचालन के विकास के लिए नोएडा एयरपोर्ट का एफकॉम, एआईसैट्स से करार

ग्रेटर नोएडा, 14 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा ने अपने एयरकार्गो परिचालन के विकास और विस्तार के लिए एफकॉम होल्डिंग्स और एयर इंडिया सैट्स एयरपोर्ट सर्विसेज (एआईसैट्स) के साथ करार किया है। एफकॉम एक अंतर्राष्ट्रीय मालवाहक एयरलाइंस और हवाई माल परिवहन के लिए एकीकृत सेवा देने वाली कंपनी है। उसका मुख्यालय चेन्नई में है। एआईसैट्स हवाई अड्डों पर ग्राउंड सेवा तथा कार्गो हैंडलिंग के क्षेत्र में काम करने वाली एक संयुक्त उपक्रम है जिसमें टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और कार्गो हैंडलिंग की दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी सैट्स की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी है। नोएडा हवाई अड्डे की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह साझेदारी एफकॉम को एयरपोर्ट पर अपना बेस बनाने और मालवाहक सेवाएं संचालित करने में सहायता करेगी, जिससे उत्तर भारत में एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स और कार्गो हब के रूप में नोएडा हवाई अड्डे की स्थिति और मजबूत होगी।

नोएडा एयरपोर्ट और एफकॉम कार्गो संचालन की दीर्घकालिक स्थिरता और विकास के समर्थन हेतु एक संयुक्त विपणन रणनीति विकसित करेगी। नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की मुख्य परिचालन अधिकारी किरण जैन ने एफकॉम और एआईसैट्स के साथ इस साझेदारी को एक मजबूत एयर कार्गो पारितंत्र विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। एआईसैट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनाथन राजामणि ने कहा कि देश की व्यापार और लॉजिस्टिक्स आवश्यकताओं के लगातार विकसित होने के साथ, कुशल और भविष्य-उन्मुख कार्गो अवसंरचना तथा विश्वसनीय परिचालन साझेदारियों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गयी है। यह सहयोग नये व्यापार मार्ग खोलने, क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने और देश को एक प्रमुख वैश्विक लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभरने में योगदान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एफकॉम के चेयरमैन कैप्टन दीपक परासुरामन ने कहा, “यह साझेदारी हमारे ग्राहकों के लिए विश्वस्तरीय एयर कार्गो सेवाएं उपलब्ध कराने और नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संयुक्त रूप से एक मजबूत एयर कार्गो प्रणाली विकसित करने की दिशा में एक अनूठी पहल है। यह साझेदारी नये व्यापार मार्ग खोलेगी, इस क्षेत्र के उद्योगों के लिए आपूर्ति श्रृंखला को छोटा करेगी और नोएडा एयरपोर्ट को एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करेगी।”

.....

Next Post

शेयर बाजारों में तेजी जारी, प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत चढ़े

Thu May 14 , 2026
मुंबई, 14 मई (वार्ता) बैंकिंग, धातु और फार्मा सेक्टरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को तेजी देखी गयी और प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 789.74 अंक (1.06 प्रतिशत) चढ़कर 75,398.72 अंक पर पहुंच गया। यह लगातार दूसरा दिन […]

You May Like