केन्द्रीय मंत्री बनने के बाद श्री शिवराज सिंह चौहान पहली बार पहुंचे अपने संसदीय क्षेत्र, गृह ग्राम जैत, शाहगंज, औबेदुल्लागंज और मंडीदीप में की आभार सभाएं।

-केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रोड शो कर, कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित किया। लखपति दीदीयों से किया संवाद।
……………………….

आपके लिए ना नेता हूं ना मंत्री हूं, केवल भैया और मामा हूं

महिला, किसान, गरीब और युवा कल्याण भाजपा का लक्ष्य

मोदी जी अद्भुत और अभूतपूर्व नेता हैं

-शिवराज सिंह चौहान

भोपाल- विदिशा-रायसेन लोकसभा से सांसद बनने और केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद शनिवार को श्री शिवराज सिंह चौहान पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र में जनता के बीच पहुंचे। शिवराज सिंह सबसे पहले अपने ग्रृह ग्राम जैत स्थित खेड़ा माता मंदिर और नर्मदा घाट पहुंचें और यहां दर्शन-पूजन कर देश व प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं श्री चौहान ने जैत, शाहगंज, औबेदुल्लागंज और मंडीदीप में आभार सभाएं की और कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित किया। इस दौरान श्री चौहान ने कहा कि, मेरे लिए जनता की सेवा ही भगवान की पूजा है। मैं कहीं भी रहूं लेकिन कभी भी अपने परिवार को छोड़ नहीं सकता। हमारे बीच जनता और नेता का नहीं बल्कि दिल और आत्मा का रिश्ता है। यहां जनता ने ऐसा आशीर्वाद दिया कि, सारे रिकॉर्ड टूट गए। शिवराज सिंह ने कहा कि, जो प्यार, स्नेह और आशीर्वाद आपने दिया है, जान भले ही चली जाए लेकिन आपके विश्वास को कभी भी टूटने नहीं दूंगा। मैं आप सभी को हाथ जोड़कर, शीष झुकाकर बारंबार प्रणाम करता हूं।

चार जातियों का कल्याण भाजपा का लक्ष्य
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री जी के प्रति हम सब आभारी हैं। आप सभी ने भारतीय जनता पार्टी को भरपूर प्यार और आशीर्वाद दिया। प्रधानमंत्री जी स्वयं एक अद्भुत और अभूतपूर्व नेता है। उनके नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है। आज दुनिया के कोने-कोने में भारत का डंका बज रहा है। श्री चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री श्रीमान मोदी जी ने चार जातियां कहीं है, किसान, गरीब, महिला और युवा, इन चार जातियों के कल्याण और विकास से ही किसी भी देश का विकास संभव है। विकसित भारत के निर्माण के लिए इन चार जातियों की सेवा ही भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है और अब बहुत जल्द ही हमारा देश, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। श्री चौहान ने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी जी के नेतृत्व में ही भारत विश्व गुरू बनेगा।

खेती को लाभ का धंधा बनाना है
केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री जी ने मुझे जवाबदारी दी है। किसान भाइयों, खेती को लाभ का धंधा बनाने का अभियान वर्षों से चल रहा है। किसान और कृषि का विकास व कल्याण भाजपा की सरकार का लक्ष्य है और इसमें हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। खेती को फायदे का धंधा बनाना है तो उत्पादन बढ़ाना पड़ेगा और उत्पादन की लागत घटाना पड़ेगी। उत्पादन का ठीक दाम देना पड़ेगा, नुकसान की भरपाई और खेती का विविधीकरण करना पड़ेगा। आने वाले दिनों में ज्यादा उपज देने वाले 100 बीज हम तैयार कर रहे हैं, किसानों का उत्पादन बढ़ सकें और किसानों की आय बढ़ सकें। वहीं शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, ग्रामीण विकास के काम में भी जुटना है। गरीबों के घर बनाना है। पहली कैबिनेट में ही श्रीमान मोदी जी ने 2 करोड़ मकान बनाने का फैसला किया है। ग्रामीण विकास में भी कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

हर बहन बनेगी लखपति दीदी
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी विधानसभा के शाहगंज में लखपति दीदीयों से भी संवाद किया। इस दौरान बहनों ने शिवराज से अपने अनुभव साझा किए। श्री चौहान ने कहा कि, लाड़ली बहना के बाद अब लखपति दीदी अभियान उनका सपना है। हर गरीब बहन को स्व-सहायता समूह के माध्यम से लखपति बनाना है। लखपति दीदी का मतलब है कि, हर बहन की सालाना आय कम से कम 1 लाख रूपए से ज्यादा हो और ये होकर ही रहेगा। श्री चौहान ने कहा कि, आधी आबादी को पूरा न्याय देना है। आखिर बहनें क्यों अंधेरे में रहे, बहने क्यों आंसु बहाए उन्हें भी मुस्कुराने का अधिकार है। प्रधानमंत्री श्रीमान नरेन्द्र मोदी जी ने भी अब लखपति दीदी अभियान पर जोर दिया है और 3 करोड़ बहनों को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा है।

जगह-जगह भव्य स्वागत
केन्द्रीय मंत्री पद की शपथ लेने के बाद श्री चौहान का अपने संसदीय क्षेत्र में शनिवार को पहला दौरा था। ग्राम जैत, शाहगंज, औबेदुल्लागंज और मंडीदीप के साथ-साथ रास्ते में पड़ने वाले सभी गांवों में शिवराज का फूलों की बौछारों से भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने तिलक लगाकर आरती उतारी तो बड़े-बुजुर्गों ने माथे पर हाथ रख उन्हें आशीर्वाद दिया। भांजे-भांजियां मामा-मामा कहते हुए शिवराज से लिपट गए। शाहगंज में आयोजित रोड-शो में पूरा नगर शिवराजमय नज़र आया। हर गली, हर मोहल्ले और हर चौराहे पर शिवराज सिंह का भव्य स्वागत किया गया। युवा नौजवानों ने अपनी छतों से शिवराज पर फूलों की बारिश कर खुशी जाहिर की। इस दौरान श्री चौहान ने भी सभी का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और कहा कि, मेरे लिए इस प्रेम, स्नेह और विश्वास से बड़ी दुनिया की कोई दौलत नहीं है।

Next Post

उप मुख्यमंत्री ने पौधारोपण अभियान एवं प्लांट एडाप्शन कैंपेन का किया शुभारंभ

Sat Jun 29 , 2024
उप मुख्यमंत्री ने आम का पौधा लगाकर अभियान का किया शुभारंभ विकसित रीवा के साथ ग्रीन, क्लीन व हेल्दी रीवा बनाने में सहभागी बनें: उप मुख्यमंत्री नवभारत न्यूज रीवा, 29 जून, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि आज एक पुनीत कार्य की शुरूआत हो रही है. पौधों से […]

You May Like