
शाजापुर। जिला प्रशासन द्वारा उर्वरक वितरण में पारदर्शिता एवं शासन के निर्देशों के कड़ाई से पालन के लिए सतत निगरानी की जा रही है. इसी क्रम में 10 मई 2026 को पैक्स कांजा द्वारा पीओएस/आईएफएमएस प्रणाली के माध्यम से 27.9 मेट्रिक टन यूरिया वितरण दर्ज किया गया, जबकि ई विकास प्रणाली के अंतर्गत ई टोकन के माध्यम से मात्र 26.145 मेट्रिक टन यूरिया का ही वितरण पाया गया. समिति द्वारा 1.755 मेट्रिक टन यूरिया का वितरण ई विकास प्रणाली के माध्यम से दर्ज नहीं किया गया, जो शासन के निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया का उल्लंघन है. प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पैक्स समिति कांजा के समिति प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से चार्ज से हटा दिया गया है.
उपसंचालक कृषि आरएल जामरे ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही/नियमों की अवहेलना अथवा पोर्टल पर जानकारी दर्ज किए बिना वितरण करने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में समस्त प्रकार का कुल 35500 मे. टन से अधिक उर्वरक सोसायटीवार, मार्कफेड के डबल लॉक केंद्रवार, एमपी एग्रो, निजी विक्रेता केन्द्रों पर उपलब्ध है. किसानों से अपील है कि फसलों की बोवनी के लिए फसलों की आवश्यकता अनुसार यूरिया, एसएसपी, एनपीके, डीएपी, पोटाश खाद की पूर्ण मात्रा को उठा सकते हैं. यदि किसान चाहें तो पुन: पोर्टल पर प्रक्रिया का पालन कर अपनी आवश्यकता अनुसार खाद बुक कर अपनी सुविधानुसार उठा सकते हैं.
