
जबलपुर। गोसलपुर थाना अंतर्गत रामसागर तालाब में डूबे इरावत का भी शव बुधवार को मिल गया । दरअसल नहाने गए तीन दोस्तों में से दो दोस्त गहरे पानी में समा गए थे, मंगलवार सुबह अर्जुन का शव बरामद कर लिया गया था लेकिन उसके साथी इरावत का सुराग नहीं चल रहा था। बुधवार को पुन: रेस्क्यू ऑपरेशन चला जिसके बाद उसकी लाश भी बरामद कर ली गई।
विदित हो कि गोसलपुर झुग्गी बस्ती में रहने वाले तीन दोस्त इरावत, अर्जुन और करण सोमवार शाम करीब 5 बजे रामसागर तालाब में नहाने पहुँचे थे। तीनों मस्ती कर रहे थे, तभी अचानक इरावत का पैर फिसल गया था और वह सीधे गहरे पानी में चला गया था। इरावत को डूबता देख उसे बचाने के लिए अर्जुन ने बिना सोचे-समझे छलांग लगा दी थी। पानी गहरा होने के कारण अर्जुन भी खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते दोनों युवक आंखों से ओझल हो गए थे । मंगलवार को एसडीआरएफ और गोताखोरों ने सर्चिंग कर अर्जुन का शव बरामद कर लिया था। वहीं, इरावत का सुराग नहीं लग रहा था। बुधवार को रेस्क्यू टीम ने सर्चिंग का दायरा बढ़ाया इसके बाद उसके शव को भी बरामद कर लिया गया।
